Monday , September 21 2026

कर्नाटक में 869 पदों पर भर्ती का एलान, जेलर और वार्डर पद के लिए नवंबर में होगी लिखित परीक्षा

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए कर्नाटक में बड़ा मौका है। कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण (KEA), बेंगलुरु ने कर्नाटक कारागार एवं सुधार सेवा विभाग में भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत जेलर, वार्डर समेत कुल 869 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पात्र उम्मीदवार 15 अक्तूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 16 अक्तूबर 2026 निर्धारित की गई है। लिखित परीक्षा 21 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

किन पदों पर होगी भर्ती?

भर्ती अभियान में कर्नाटक कारागार एवं सुधार सेवा विभाग के विभिन्न पद शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से:

  • जेलर
  • वार्डर
  • वार्डर सह नर्सिंग
  • द्वितीय श्रेणी शिक्षक/प्रशिक्षक ग्रेड-II

इन सभी पदों को मिलाकर कुल 869 रिक्तियों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

कब होगी लिखित परीक्षा?

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा में शामिल होना होगा। परीक्षा 21 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

लिखित परीक्षा में चयनित उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और सहनशक्ति परीक्षण देना होगा।

शैक्षणिक योग्यता क्या है?

पद के अनुसार उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है।

जेलर: उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक की डिग्री या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, अपराधशास्त्र और सुधारात्मक प्रशासन जैसे विषयों में डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

वार्डर: उम्मीदवार का एसएसएलसी या इसके समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है।

द्वितीय श्रेणी शिक्षक/प्रशिक्षक: एसएसएलसी या समकक्ष परीक्षा के साथ मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, बढ़ईगीरी, सिलाई, वस्त्र, बुनाई या कालीन बनाने जैसे ट्रेड में मान्यता प्राप्त संस्थान से डिप्लोमा या प्रमाणपत्र होना जरूरी है।

वार्डर सह नर्सिंग: एसएसएलसी या समकक्ष परीक्षा पास होने के साथ प्राथमिक चिकित्सा का प्रमाणपत्र होना आवश्यक है।

कन्नड़ भाषा की योग्यता

जिन उम्मीदवारों ने एसएसएलसी या समकक्ष परीक्षा में कन्नड़ को पहली या दूसरी भाषा के रूप में पढ़ा है, उन्हें अलग से कन्नड़ भाषा परीक्षा नहीं देनी होगी। कन्नड़ माध्यम से पढ़ाई करने वाले उम्मीदवारों को भी इस परीक्षा से छूट दी जाएगी।

वहीं, अन्य उम्मीदवारों को केईए की कन्नड़ भाषा परीक्षा पास करनी होगी। जिन उम्मीदवारों ने एसएसएलसी में कन्नड़ को पहली भाषा के रूप में नहीं पढ़ा है, उन्हें निर्धारित परीक्षा में 150 में से कम से कम 50 अंक हासिल करने होंगे।

आयु सीमा क्या है?

आवेदन की अंतिम तारीख तक उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष होनी चाहिए। भर्ती के लिए ऊपरी आयु सीमा में सरकारी आदेश के अनुसार पांच वर्ष की बढ़ोतरी की गई है।

कितना है आवेदन शुल्क?

आवेदन शुल्क का भुगतान केवल आधिकारिक केईए वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है।

  • सामान्य योग्यता और 2ए, 2बी, 3ए, 3बी श्रेणी: 750 रुपये
  • एससी, एसटी, श्रेणी-1, पूर्व सैनिक और तृतीय लिंग उम्मीदवार: 500 रुपये

आवेदन शुल्क जमा करने के बाद किसी भी परिस्थिति में इसे वापस नहीं किया जाएगा।

ऐसे करें आवेदन

उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए सबसे पहले केईए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद कर्नाटक जेल विभाग भर्ती 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करके पंजीकरण करना होगा।

पंजीकरण के बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी। इसके बाद आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड कर अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करना होगा। अंत में फॉर्म को अच्छी तरह जांचकर सबमिट करें और भविष्य के लिए इसकी प्रति सुरक्षित रख लें।

Check Also

NEET परीक्षा: पेपर लीक रोकने के इंतजामों की होगी जांच, सुप्रीम कोर्ट के जज NTA ऑफिस जाना चाहते हैं

नीट-यूजी परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं के बाद परीक्षा व्यवस्था में सुधार और सुरक्षा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *