Friday , October 2 2026

एशियन गेम्स 2026: नितेश ने जीता रजत पदक, मानसी कांस्य से चूकीं; पुरुष स्क्वाश टीम ने भी पक्का किया पदक

एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को भारतीय खिलाड़ियों ने कई खेलों में चुनौती पेश की। कुश्ती में नितेश सिवाच ने पुरुषों के 97 किग्रा ग्रीको-रोमन वर्ग में रजत पदक जीता। वहीं, भारतीय पुरुष स्क्वैश टीम ने सेमीफाइनल में हार के बाद कांस्य पदक अपने नाम किया। महिला कुश्ती के 62 किग्रा वर्ग में मानसी कांस्य पदक मुकाबला हार गईं।

नितेश ने जीता रजत पदक

ग्रीको-रोमन पहलवान नितेश सिवाच पुरुषों के 97 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में जापान के युरी नाकाजातो के खिलाफ उतरे। फाइनल में नितेश को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

नितेश ने फाइनल तक पहुंचकर भारत के लिए कुश्ती में एक और पदक सुनिश्चित किया और 97 किग्रा वर्ग में रजत अपने नाम किया।

मानसी कांस्य पदक मुकाबले में हारीं

महिला पहलवान मानसी 62 किग्रा भार वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में मंगोलिया की अल्तजिन तोगतोख के सामने थीं। अल्तजिन ने मुकाबले की शुरुआत में 2-0 की बढ़त बनाई।

मानसी ने वापसी करते हुए स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया, लेकिन इसके बाद मंगोलियाई पहलवान ने फिर बढ़त बनाई और 5-2 से मुकाबला जीतकर कांस्य पदक हासिल किया। इस हार के साथ मानसी पदक से चूक गईं।

पुरुष स्क्वैश टीम को कांस्य

भारतीय पुरुष स्क्वैश टीम को सेमीफाइनल में मलयेशिया के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही टीम का स्वर्ण पदक मुकाबले में पहुंचने का अभियान समाप्त हो गया, लेकिन टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

इससे पहले भारतीय महिला स्क्वैश टीम भी कांस्य पदक जीत चुकी है।

हॉकी में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में भारत

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। भारत ने शुरुआत में 3-0 की बढ़त बनाई थी, लेकिन पाकिस्तान ने वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया।

मैच के आखिरी चरण में अभिषेक ने अंतिम मिनट से कुछ समय पहले मैदानी गोल कर भारत को फिर बढ़त दिलाई। यह गोल निर्णायक साबित हुआ और भारत ने मुकाबला 4-3 से अपने नाम कर लिया।

क्रिकेट में श्रीलंका पर बड़ी जीत

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में श्रीलंका की टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर सिमट गई।

अब स्वर्ण पदक के लिए भारत का सामना 3 अक्तूबर को पाकिस्तान से होगा। वहीं, कांस्य पदक के मुकाबले में श्रीलंका और बांग्लादेश आमने-सामने होंगे।

जूडो में भी भारत को पदक से चूकना पड़ा

महिला 70 किग्रा जूडो वर्ग में भारत की इनुंगनबी ताखेल्लामबाम कांस्य पदक मुकाबले में मंगोलिया की अनु उरान-उल्जीई से हार गईं। इससे पहले उन्होंने रेपेचेज मुकाबले के जरिए कांस्य पदक के मुकाबले में जगह बनाई थी।

एशियन गेम्स में भारत की हॉकी, क्रिकेट, कुश्ती, स्क्वैश और जूडो समेत कई स्पर्धाओं में मुकाबले जारी हैं।

Check Also

Asian Games: पुरुष 1500 मीटर में गुलवीर सिंह ने बढ़ाया देश का मान, सिल्वर पर किया कब्जा

आइची नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में भारत के गुलवीर सिंह ने पुरुषों की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *