उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार दोपहर बाद यमुनोत्री धाम और केदारनाथ में बर्फबारी हुई, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसका असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी पड़ सकता है।
पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 अक्तूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में तेज गर्जना के साथ बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है।
मैदानी इलाकों में भी बढ़ेगी ठंड
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी देखने को मिल सकता है। तापमान में गिरावट आने से सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा। मौसम में बदलाव के चलते लोगों को आने वाले दिनों में सर्दी का सामना करना पड़ सकता है।
26 से 29 अक्तूबर तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 से 29 अक्तूबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 30 अक्तूबर से मौसम के मिजाज में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।
देहरादून में सामान्य से अधिक रहा तापमान
शनिवार को देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में दिनभर धूप खिली रही। इसके चलते दिन में ठंड का असर कम रहा, जबकि रात के समय हल्की ठंड महसूस की गई। देहरादून में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi