Monday , September 21 2026

अफगानिस्तान में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक से मचा हड़कंप, तीन की मौत; तालिबान ने दी पलटवार की धमकी

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के उत्तर-पूर्वी कुनार प्रांत को निशाना बनाकर हवाई हमला किया। इस हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

टोलो न्यूज के मुताबिक, एक प्रांतीय अधिकारी ने सोमवार को हमले की जानकारी दी। हमले के बाद तालिबान ने चेतावनी दी है कि अफगान क्षेत्र में किसी भी सैन्य कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा।

पुलिस स्टेशन पर आत्मघाती हमले के बाद एयरस्ट्राइक

बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक पुलिस स्टेशन परिसर में हुए आत्मघाती बम धमाके के जवाब में की गई। इस घटनाक्रम के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

फरवरी में भी हुआ था गंभीर सैन्य टकराव

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच फरवरी में भी कई वर्षों के सबसे गंभीर सैन्य टकरावों में से एक हुआ था। ताजा तनाव उस चेतावनी के कुछ दिन बाद सामने आया है, जिसमें तालिबान ने कहा था कि वह अफगान क्षेत्र में किसी भी पाकिस्तानी सैन्य कार्रवाई का विरोध करेगा।

तालिबान ने पाकिस्तान को दी थी चेतावनी

पाकिस्तान के संभावित हमलों से पहले तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने इस्लामाबाद से अफगानिस्तान के अंदर सैन्य कार्रवाई नहीं करने को कहा था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर अफगानिस्तान की जमीन पर हमला किया गया तो काबुल सैन्य जवाब देगा।

मुजाहिद ने कहा था कि अफगानिस्तान के भीतर किसी भी पाकिस्तानी सैन्य अभियान को अफगान संप्रभुता का उल्लंघन माना जाएगा और इसकी प्रतिक्रिया दी जा सकती है।

टीटीपी को लेकर पाकिस्तान के आरोपों से तालिबान का इनकार

मुजाहिद ने पाकिस्तान के उन आरोपों को भी खारिज किया कि अफगानिस्तान में मौजूद चरमपंथी गुट पाकिस्तान के खिलाफ हमलों के लिए लोगों की भर्ती और ट्रेनिंग करते हैं। उन्होंने कहा कि तालिबान प्रशासन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को अफगान धरती से गतिविधियां संचालित करने की अनुमति नहीं देता।

पाकिस्तान लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि चरमपंथी समूह अफगानिस्तान से गतिविधियां संचालित कर रहे हैं और काबुल से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करता रहा है। तालिबान इन आरोपों से इनकार करता रहा है।

बातचीत के लिए भी तैयार है काबुल

सैन्य जवाबी कार्रवाई की चेतावनी के बावजूद मुजाहिद ने कहा कि काबुल इस्लामाबाद के साथ बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने सीमा पर सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए बेहतर खुफिया जानकारी साझा करने और आपसी सहयोग बढ़ाने की बात कही।

उन्होंने संभावित मध्यस्थता में सऊदी अरब की भूमिका का भी समर्थन किया और कहा कि रियाद के दोनों देशों के साथ अच्छे संबंध हैं।

Check Also

दिल्ली की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर एक्शन: आडवाणी से लेकर केजरीवाल-सिसोदिया तक को SIR नोटिस

दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में दर्ज नामों ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *