Thursday , July 9 2026

शिक्षकों के लिए योगी सरकार की बड़ी पहल, दुर्घटना पर ₹1 करोड़ बीमा और ₹5 लाख कैशलेस इलाज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का ऐलान किया है। अब प्रदेश के शिक्षकों को 1 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा और 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की व्यवस्था लागू करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन योजनाओं की शुरुआत की। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ हुए एमओयू के तहत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों और वार्डेन को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने की घोषणा की गई।

शिक्षकों को मिलेगा 1 करोड़ तक का बीमा

सरकार के अनुसार, स्थायी शिक्षकों और कर्मचारियों को 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, 1 करोड़ रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट कवर, 1 करोड़ रुपये का स्थायी दिव्यांगता बीमा और एयर एक्सीडेंट की स्थिति में 1.60 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर मिलेगा। इसके अलावा किसी अनहोनी की स्थिति में बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी के लिए भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

संविदा कर्मचारियों को उनके वेतनमान के अनुसार 30 लाख से 80 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा, जबकि 10 हजार रुपये से कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा दिया जाएगा।

12 लाख शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री योगी ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का भी शुभारंभ किया। इस योजना के तहत प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षक और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारी तथा उनके पात्र आश्रित परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इस योजना पर सरकार हर वर्ष करीब 450 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस योजना का पूरा खर्च वहन करेगी और शिक्षकों से केवल इतना अपेक्षित है कि वे बच्चों की बेहतर शिक्षा और विद्यालयों के बेहतर वातावरण पर पूरा ध्यान दें। उन्होंने कहा कि स्कूल स्वच्छ, सुंदर और देश का भविष्य गढ़ने वाले केंद्र बनने चाहिए।

1.10 करोड़ छात्रों को भी मिली सहायता

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा परिषद के करीब 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 1,200 रुपये की राशि भी हस्तांतरित की। यह धनराशि यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री की खरीद के लिए दी गई है।

Check Also

भारत-UK ट्रेड डील का असर, 15 जुलाई से ब्रिटिश व्हिस्की, कारें और कई आयातित सामान होंगे सस्ते

भारत और यूनाइटेड किंगडम (UK) के बीच हुआ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) 15 जुलाई से ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *