Saturday , September 19 2026

यूपी BJP अध्यक्ष: पंकज चौधरी ने दाखिल किया नामांकन, सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम बने प्रस्तावक, निर्विरोध चुनाव की संभावना प्रबल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, सीएम योगी और दोनों उपमुख्यमंत्री उनके प्रस्तावक बने।

नामांकन कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तथा राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े भी उपस्थित थे। पार्टी मुख्यालय में नामांकन दाखिल करने से पहले पंकज चौधरी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे, जहां चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक जुटे थे।

महाराजगंज जिले से उनके हजारों कार्यकर्ता और समर्थक पहले से ही लखनऊ एयरपोर्ट तथा भाजपा कार्यालय पर मौजूद थे। महाराजगंज से सात बार के लोकसभा सांसद पंकज चौधरी कुर्मी (ओबीसी) समुदाय से आते हैं और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के करीबी माने जाते हैं।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि पंकज चौधरी का यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय है। यदि कोई अन्य नामांकन नहीं होता, तो उनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। रविवार 14 दिसंबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नए प्रदेश अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा और स्वागत कार्यक्रम आयोजित होगा।

यह नियुक्ति 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की ओबीसी वोटर्स को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का कार्यकाल पहले ही समाप्त हो चुका है।

Check Also

यूपी में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, टोल राजस्व को लगा बड़ा झटका

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर फिलहाल भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध जारी रहेगा। आईआईटी खड़गपुर की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *