संसद परिसर में राम मंदिर चंदे के कथित गबन को लेकर विपक्षी सांसदों द्वारा किए गए प्रतीकात्मक ‘नुक्कड़ नाटक’ पर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली के डीसीपी को शिकायत सौंपते हुए राहुल गांधी, पप्पू यादव और समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद समेत अन्य नेताओं पर हिंदू धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है।
शिकायत में कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान भगवा वस्त्र, तिलक और संत परंपरा का जिस तरह इस्तेमाल किया गया, उससे करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंची है। भाजपा ने इस मामले में संबंधित नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा का आरोप है कि संसद परिसर में हुए इस प्रदर्शन के जरिए संत समाज और सनातन परंपरा का उपहास किया गया। वहीं, बांसुरी स्वराज ने कहा कि संविधान विरोध प्रदर्शन का अधिकार देता है, लेकिन किसी धर्म या समुदाय की भावनाओं को आहत करने की अनुमति नहीं देता।
भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने भी प्रदर्शन पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि भगवा वस्त्र पहनकर संत समाज को बदनाम करने की कोशिश की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
इस विवाद को लेकर पप्पू यादव की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। इससे पहले दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। वहीं उत्तर प्रदेश के वाराणसी और अयोध्या में भी साधु-संतों और वकीलों ने विरोध जताते हुए संबंधित नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi