Friday , November 20 2026

PDA की काट के लिए भाजपा का नया फॉर्मूला, तीन एजेंडों के सहारे यूपी चुनाव में उतरेगी योगी ब्रिगेड

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा में आयोजित दो दिवसीय योजना बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं और संघ के पदाधिकारियों ने चुनावी रणनीति पर मंथन किया। बैठक में तय किया गया कि भाजपा आगामी चुनाव में सनातन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास और कानून व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बनाएगी। वहीं, समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले के मुकाबले सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे रखने की रणनीति तैयार की गई।

फरह के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में हुई इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत भाजपा और संघ के 56 नेता शामिल हुए। बैठक की शुरुआत ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ और ‘अबकी बारी, बांकेबिहारी’ जैसे नारों के साथ हुई।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों को चुनावी मुद्दा बनाने की बात कही।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने का आह्वान किया। उन्होंने सनातन और राष्ट्रवाद के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने महिला, गरीब, युवा और किसानों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं को जनता के सामने रखने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

बैठक में तय रणनीति के मुताबिक भाजपा श्रीकृष्ण जन्मभूमि आंदोलन, बांकेबिहारी कॉरिडोर, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। पार्टी का जोर बूथ प्रबंधन, संगठन की मजबूती और सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार पर भी रहेगा।

इस दो दिवसीय बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, विनोद तावड़े, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Check Also

गोरखपुर हादसा: अखिलेश यादव ने जांच की मांग की, बोले- बिना सबूत आरोप लगाना उचित नहीं, सच सामने आना चाहिए

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर में अपने रोड ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *