Sunday , July 26 2026

शादी की जिद पर खौला भाई का खून, गला दबाने के बाद ब्लेड से रेतकर बहन की हत्या

वेव सिटी थाना क्षेत्र में ज्वार के खेत में युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका के सगे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम विवाह की जिद से नाराज होकर आरोपी ने पहले बहन का गला दबाया और फिर आरी के ब्लेड से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को खेत में फेंककर वह फरार हो गया था।

पुलिस ने बताया कि 23 जुलाई को काजीपुरा गांव के एक ज्वार के खेत में करीब 22 वर्षीय युवती का शव मिला था। मामले की जांच के लिए 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मोबाइल टावर डेटा के विश्लेषण के साथ सर्विलांस की मदद ली गई। जांच के आधार पर पुलिस ने 26 जुलाई को आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पेंट और पीओपी का काम करता है। उसकी बहन रीमा एक युवक से शादी करना चाहती थी, जिसका वह विरोध कर रहा था। 22 जुलाई को इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, गुस्से में आरोपी ने पहले बहन का गला दबाया और फिर काम में इस्तेमाल होने वाले आरी के ब्लेड से उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आरी का ब्लेड बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।

Check Also

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के पीछे क्या हुआ? कैलाश विजयवर्गीय ने बताई फैसले तक पहुंचने की पूरी कहानी

केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश सरकार के ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *