Tuesday , September 15 2026

उत्तर प्रदेश की राजनीति में शोक: 92 साल की उम्र में सपा विधायक आलमबदी का निधन, आजमगढ़ में शोक की लहर

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रहे आलमबदी आजमी का बुधवार देर रात निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने शहर के कुर्मी टोला स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।

आलमबदी आजमी का जन्म 16 मार्च 1936 को आजमगढ़ में हुआ था। उन्होंने इस्लामिया कॉलेज, गोरखपुर से इंटरमीडिएट और टेक्निकल इंस्टीट्यूट, गोरखपुर से इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। इसके बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाई और लंबे समय तक क्षेत्र की राजनीति में प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई।

उन्होंने निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र का कई बार प्रतिनिधित्व किया और पांच बार विधायक चुने गए। अपने राजनीतिक जीवन में वह सादगी, जनसंपर्क और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने के लिए पहचाने जाते थे।

आलमबदी आजमी के निधन की जानकारी उनके सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से साझा की गई। उनके निधन के बाद समाजवादी पार्टी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन को पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं, सपा सांसद इकरा हसन और आदित्य यादव ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

जानकारी के अनुसार, आलमबदी आजमी की अंतिम नमाज गुरुवार शाम 4 बजे जामियातुर रशाद में अदा की जाएगी, जिसके बाद उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके निधन से आजमगढ़ समेत प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर है।

Check Also

यूपी में करोड़ों की ठगी का मामला: पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने मेरठ से पकड़ा

किसानों से होटल और फैक्टरी के नाम पर जमीन खरीदने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *