Monday , September 14 2026

IND vs ENG: शतक जड़ने के बाद रोहित शर्मा ने भविष्य को लेकर कही बड़ी बात, फैंस को दिया साफ संदेश

इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में शतक जड़ने के बाद भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अपने भविष्य और संन्यास को लेकर चल रही अटकलों पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान सिर्फ मैदान पर प्रदर्शन करने और टीम के लिए योगदान देने पर है। बाहरी चर्चाओं से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।

मैच के बाद बीसीसीआई से बातचीत में रोहित ने कहा, “मेरा काम बल्ले से प्रदर्शन करना है। जब से मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया है, तब से यही जिम्मेदारी निभा रहा हूं और आगे भी यही करता रहूंगा। जब तक मैं खेलता रहूंगा, शोर भी बना रहेगा। इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।”

रोहित ने कहा कि आलोचना और चर्चाएं खेल का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, “अगर शोर नहीं होगा तो मजा नहीं आएगा। मेरा काम मैदान के अंदर प्रदर्शन करना है, जबकि बाहर क्या कहा जा रहा है, वह दूसरों का काम है।”

लॉर्ड्स में रोहित शर्मा ने शानदार शतक लगाकर आलोचकों को करारा जवाब दिया। इस पारी के साथ वह लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए। हालांकि, उनकी शतकीय पारी के बावजूद भारत तीसरे वनडे में इंग्लैंड से 27 रन से हार गया और तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-2 से गंवा बैठा।

हार पर निराशा जताते हुए रोहित ने कहा कि टीम ने पूरी कोशिश की, लेकिन लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। उन्होंने माना कि युवा गेंदबाजों को अभी अनुभव की जरूरत है और टीम इस हार से सीख लेकर आगे बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेगी।

विराट कोहली के साथ अपनी शतकीय साझेदारी पर रोहित ने कहा कि दोनों लंबे समय से साथ खेल रहे हैं और एक-दूसरे के खेल को अच्छी तरह समझते हैं। उनके मुताबिक, मैदान पर दोनों के बीच लगातार संवाद होता है, जिससे साझेदारी मजबूत बनती है।

Check Also

पाकिस्तान की टेस्ट टीम पर संकट गहराया, विदेश में 12 टेस्ट में सिर्फ एक जीत; 12 सीरीज में छठा क्लीन स्वीप

इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में पाकिस्तान को 0-3 से क्लीन स्वीप ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *