Monday , November 2 2026
Breaking News

सोने ने फिर भरी उड़ान, मजबूत मांग के चलते 10 ग्राम का भाव 1.48 लाख रुपये पार

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। खुदरा ग्राहकों और आभूषण कारोबारियों की मजबूत खरीदारी के चलते 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,000 रुपये महंगा होकर 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, घरेलू मांग में बढ़ोतरी के साथ-साथ वैश्विक बाजार से मिले सकारात्मक संकेतों ने भी सोने की कीमतों को मजबूती दी। अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग बढ़ने का असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला।

वहीं, चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी 600 रुपये सस्ती होकर 2,24,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। कारोबारियों का कहना है कि सोने में खरीदारी बढ़ने के बावजूद चांदी में मुनाफावसूली के कारण दबाव बना रहा।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी विशेषज्ञ सौमिल गांधी के मुताबिक, डॉलर इंडेक्स में नरमी और वैश्विक स्तर पर सोने की मांग बढ़ने से कीमतों को समर्थन मिला। हालांकि, रुपये की मजबूती ने घरेलू बाजार में सोने की तेजी को कुछ हद तक सीमित रखा।

दूसरी ओर, वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल-जून तिमाही में भारत में सोने की मांग सालाना आधार पर 6 फीसदी घटकर 131.4 टन रह गई। इसके पीछे ऊंची कीमतें, मौसमी सुस्ती और आयात शुल्क जैसे प्रमुख कारण बताए गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व की नीति पर बाजार की नजर रहेगी, जिससे सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

Check Also

बिजनेस अपडेट्स: केंद्र ने राज्यों को जारी किए कर हस्तांतरण के फंड, कपास आयात पर 31 दिसंबर तक शुल्क माफ

केंद्र सरकार ने राज्यों को कर हस्तांतरण के तहत 1,09,019 करोड़ रुपये की अतिरिक्त किस्त ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *