Saturday , July 18 2026

सोना नहीं बदला, चांदी हुई सस्ती; पश्चिम एशिया संकट और अमेरिकी ब्याज दरों से बाजार प्रभावित

देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार को सोने की कीमतें लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में स्थिर रहीं, जबकि चांदी में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहा। वहीं, चांदी 1,500 रुपये टूटकर 2,24,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जो दो सप्ताह से अधिक का निचला स्तर है।

पिछले चार कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमत में 12,500 रुपये यानी करीब 5.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। 10 जुलाई को चांदी का भाव 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम था, जिसके बाद से इसमें लगातार कमजोरी देखने को मिल रही है।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, स्थानीय स्तर पर संतुलित मांग के कारण सोना सीमित दायरे में कारोबार करता रहा, जबकि चांदी पर मुनाफावसूली और औद्योगिक मांग में कमजोरी का दबाव बना रहा। इसके अलावा पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी विशेषज्ञों का कहना है कि निवेशक एक ओर नरम अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों पर नजर बनाए हुए हैं, तो दूसरी ओर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से भी सतर्क हैं। इसी वजह से सोने में सीमित उतार-चढ़ाव रहा, जबकि चांदी में दबाव बढ़ गया।

वैश्विक बाजार में भी हाजिर सोने की कीमत करीब 1 फीसदी गिरकर 4,030 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गई। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा कच्चे तेल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर निवेशकों की चिंता बनी हुई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता जारी रहती है, तो आने वाले दिनों में सोना-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

Check Also

दलाल स्ट्रीट पर जोरदार रैली, सेंसेक्स में 965 अंकों की छलांग; निफ्टी ने 24,300 का स्तर पार किया

सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। घरेलू ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *