दिल्ली की आठवीं विधानसभा का छठा सत्र 7 अगस्त से पुराना सचिवालय स्थित विधानसभा भवन में शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद सत्र की अधिसूचना जारी कर दी गई है। सदन की बैठकें 7, 10 और 11 अगस्त को आयोजित होंगी।
विधानसभा सचिवालय के अनुसार, प्रत्येक बैठक निर्धारित कार्य पूरा होने तक चलेगी। जरूरत पड़ने पर कार्यवाही का समय बढ़ाया भी जा सकता है। सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इस बार सभी नोटिस नेवा (NeVA) पोर्टल के माध्यम से डिजिटल रूप से जमा किए जाएंगे।
सदस्यों की सुविधा के लिए नोटिस शाखा और नेवा सेवा केंद्र में सहायता उपलब्ध रहेगी। विधानसभा नियम-280 के तहत जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने के इच्छुक सदस्य बैठक से एक कार्य दिवस पहले शाम 5 बजे तक अपना नोटिस दे सकेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह सत्र जनहित और दिल्ली के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से संसदीय परंपराओं का पालन करते हुए सत्र को शांतिपूर्ण और प्रभावी बनाने की अपील की।
सत्र के मद्देनज़र विधानसभा परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रवेश द्वारों पर हाइड्रोलिक रोड ब्लॉकर लगाए गए हैं और परिसर में प्रवेश केवल गेट नंबर-1 से ही किया जाएगा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi