Sunday , July 26 2026

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की हेराफेरी पर शिकंजा, आरोपियों की संपत्ति की होगी जांच; काउंटिंग रूम हाई सिक्योरिटी में

बदरीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच अब नए और अहम चरण में पहुंच गई है। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों की पड़ताल शुरू करने का फैसला किया है। यदि जांच के दौरान आरोपियों के पास आय से अधिक संपत्ति या अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति के प्रमाण मिलते हैं तो उनके खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही मंदिर में चढ़ावे की गणना प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए गणना कक्ष की सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, चढ़ावे की गणना में लंबे समय से अनियमितताओं की आशंका के मद्देनजर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मामले से जुड़े वित्तीय दस्तावेज, रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की विशेषज्ञों से जांच कराई जा रही है। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि जांच लगातार जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मंदिर प्रशासन ने गणना कक्ष की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। कक्ष को शीशे की दीवारों से सुरक्षित किया गया है, जबकि ऊपरी हिस्से में मजबूत लोहे की जाली लगाई गई है ताकि किसी भी तरह की अनधिकृत गतिविधि रोकी जा सके। इसके अलावा पूरे कक्ष में पांच हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी लगातार की जाएगी। उद्देश्य यह है कि चढ़ावे की गणना पूरी पारदर्शिता के साथ हो और हर गतिविधि का रिकॉर्ड सुरक्षित रहे।

उधर, मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की पुलिस कस्टडी रिमांड को लेकर शनिवार को न्यायालय में सुनवाई होनी है। पुलिस का मानना है कि रिमांड मिलने पर पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। साथ ही अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका और वित्तीय लेनदेन की भी जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

इस बीच शासन के निर्देश पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गठित जांच समिति भी समानांतर जांच कर रही है। समिति सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर रही है और जिन कर्मचारियों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आ रही हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस और जांच समिति मिलकर वित्तीय रिकॉर्ड, चढ़ावे के अभिलेख और अन्य दस्तावेजों का मिलान कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

Check Also

अग्निवीर बनने का मौका, उत्तराखंड में 27 जुलाई से भर्ती रैली; JCO और हवलदार पद भी शामिल

भारतीय सेना ने उत्तराखंड में अग्निवीर भर्ती रैली का कार्यक्रम जारी कर दिया है। भर्ती ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *