उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस की जवाबदेही तय होगी।
सावन के पहले सोमवार और मानसून सत्र की व्यस्तताओं के बावजूद मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में लोगों से एक-एक कर मुलाकात की। उन्होंने प्राप्त प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए निर्देश दिया कि हर शिकायत का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर किया जाए।
पुलिस से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री विशेष रूप से सख्त नजर आए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी और शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगी। जिन जिलों से ऐसी शिकायतें अधिक मिल रही हैं, वहां संबंधित पुलिस अधीक्षक (एसपी) की जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा पारिवारिक विवादों में पहले आपसी संवाद और जरूरत पड़ने पर कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाए।
सीएम योगी ने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता जनता को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक न्याय दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का समाधान पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi