Wednesday , November 4 2026

होलिका भस्म की पूजा कर सीएम योगी ने मनाई होली

होली के पावन महापर्व पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह होलिका भस्म की पूजा कर होली मनाने का शुभारंभ किया। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में फाग गीतों का आनंद लिया और गोवंश को भस्म, गुलाल लगाकर गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने भीम सरोवर के पास बतखों को तथा मंदिर की गोशाला के पास मोर को भी दाना खिलाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के होलिकोत्सव की शुरुआत शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर होलिका भस्म की पूजा से हुई। मंदिर के मेला ग्राउंड में जलाई गई होलिका के पास जाकर योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका भस्म (सम्मत की राख) की पूजा की और आरती उतारी। इस अनुष्ठान के बाद साधु-संतों व श्रद्धालुओं ने इसी भस्म से गोरक्षपीठाधीश्वर का तिलक लगाकर आशीर्वाद लिया। गोरक्षपीठाधीश्वर ने भी उन्हें तिलक लगाकर होली की मंगलकामना की। होलिकादहन स्थल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुरु गोरखनाथ जी के मंदिर पहुंचे और श्रीनाथ जी को होलिका भस्म अर्पित किया। इसके बाद श्रीनाथ जी के मंदिर के चबूतरे पर फाग गीतों का आयोजन हुआ। सीएम योगी ने भी कुछ देर वहां रुककर फाग का आनंद उठाया और सबको होली की बधाई व शुभकामनाएं दीं।

गोवंश को लगाया अबीर-गुलाल, गुड़ खिलाकर की गोसेवा
होली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे और गोवंश को भस्म व अबीर-गुलाल लगाकर उनके लिए भी मंगलकामना की। उन्होंने गोवंश को गुड़ खिलाकर उनकी सेवा की। गोशाला में मुख्यमंत्री ने माथा व गर्दन सहलाकर गोवंश को खूब दुलार भी किया।

बतखों और मोर को भी दाना खिलाया सीएम ने
शुक्रवार सुबह अपनी दिनचर्या के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए भीम सरोवर के पास पहुंचे। यहां उन्होंने सरोवर किनारे टहल रहे बतखों को दाना खिलाया। उधर गोशाला भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहीं पास में विचरण कर रहे एक मोर को भी दाना खिलाया।

Check Also

यूपी में सनसनीखेज वारदात: पत्नी के साथ कमरे में मिला अतुल, पति ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के कानपुर में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *