Thursday , November 5 2026
गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने लिया फाग का आनंद

Gorakhnath Mandir में मुख्यमंत्री ने लिया फाग का आनंद

गोरखपुर:
होली के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने होलिका भस्म की पूजा कर होली मनाने का शुभारंभ किया। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में फाग गीतों का आनंद लिया और गोवंश को भस्म, गुलाल लगाकर गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने भीम सरोवर के पास बतखों को भी दाना खिलाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के होलिकोत्सव की शुरुआत मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर होलिका भस्म की पूजा से हुई। मंदिर के मेला ग्राउंड में जलाई गई होलिका के पास जाकर योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका भस्म (सम्मत की राख) की पूजा की और आरती उतारी। इस अनुष्ठान के बाद मंदिर के प्रधान पुजारी कमलनाथ समेत अन्य साधु संतों व श्रद्धालुओं ने इसी भस्म से गोरक्षपीठाधीश्वर का तिलक लगाकर आशीर्वाद लिया। गोरक्षपीठाधीश्वर ने भी उन्हें तिलक लगाकर होली की मंगलकामना की। होलिकादहन स्थल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुरु गोरखनाथ जी के मंदिर पहुंचे और श्रीनाथ जी को होलिका भस्म अर्पित किया। इसके बाद मंदिर के द्वार पर फाग गीतों का आयोजन हुआ। सीएम योगी ने भी कुछ देर वहां रुककर फाग का आनंद उठाया और सबको होली की बधाई व शुभकामनाएं दीं।

गोवंश को लगाया तिलक, गुड़ खिलाकर की गोसेवा
होली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचे और गोवंश को भस्म व गुलाल लगाकर उनके लिए भी मंगलकामना की। उन्होंने गोवंश को गुड़ और दूध रोटी खिलाकर उनकी सेवा की। गोशाला में सीएम योगी की आवाज सुनकर गोवंश उनके पास दौड़ते हुए चले आए। मुख्यमंत्री ने माथा व गर्दन सहलाकर सभी गोवंश को खूब दुलार भी किया।

बतखों को दाना भी खिलाया सीएम ने
मंगलवार सुबह अपनी दिनचर्या के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर परिसर के भीम सरोवर के पास पहुंचे। यहां उन्होंने सरोवर किनारे टहल रहे बतखों को दाना खिलाया।

Check Also

जिस एसएचओ से शुरू हुआ विवाद, वही प्रदर्शन से रहे गायब: एसीपी को ‘कॉकरोच’ कहने पर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

दिल्ली में पुलिस और वकीलों के बीच हुए विवाद का मामला लगातार चर्चा में बना ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *