दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में शनिवार को 19 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव राजौरी गार्डन पिंक लाइन मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक मॉल के नजदीक मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में छात्रा के मॉल की ऊपरी मंजिल से गिरने की बात सामने आई है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को नियमित गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल अवधेश की नजर मॉल के पास पड़े युवती के शव पर गई। उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और राजौरी गार्डन थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
क्राइम और एफएसएल टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के पास से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट मिला।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी तरह की आपराधिक साजिश या संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
आर्यभट्ट कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी
मृतका की पहचान दिल्ली विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की है। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट, घटनास्थल और छात्रा से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi