केरल के वायनाड में हाल ही में हुए भूस्खलन को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया है कि हादसे के कई दिन बीत जाने के बावजूद दोनों नेता प्रभावित इलाके का दौरा करने या पीड़ितों से मिलने क्यों नहीं पहुंचे।
अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि वायनाड में भूस्खलन से लोगों की जान गई और भारी तबाही हुई, लेकिन राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा अब तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता इस बात से आंकी जाती है कि वह संकट की घड़ी में लोगों के साथ खड़ा होता है या नहीं।
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी और उससे जुड़े लोग इस मुद्दे पर पूरी तरह खामोश हैं। उनका कहना था कि जो लोग अन्य मामलों में लगातार सरकार पर सवाल उठाते हैं, वे इस त्रासदी पर चुप्पी साधे हुए हैं।
गौरतलब है कि 7 जुलाई को केरल के वायनाड जिले के मेप्पाडी के पास कल्लाडी क्षेत्र में निर्माणाधीन अनाक्कम्पोयिल-कल्लाडी-मेप्पाडी सुरंग परियोजना के स्थल पर भारी बारिश के चलते भूस्खलन हुआ था। इस हादसे में जान-माल का नुकसान हुआ और राहत-बचाव अभियान चलाया गया।
वायनाड इससे पहले भी भीषण भूस्खलन की त्रासदी झेल चुका है। वर्ष 2024 में आए विनाशकारी भूस्खलन में पुंचीरीमट्टम, चूरालमाला और मुंडक्कई जैसे गांव बुरी तरह प्रभावित हुए थे, जिसमें सैकड़ों लोगों की जान गई थी। हालिया घटना के बाद एक बार फिर आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों और राजनीतिक जवाबदेही को लेकर बहस तेज हो गई है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi