Thursday , May 21 2026

Akhilesh Yadav PC: केके बिश्नोई-अंशिका वर्मा के रिसेप्शन में सपा विधायकों के जाने पर क्या सपा प्रमुख हैं नाराज? जानिए

संभल एसपी केके बिश्नोई की शादी के रिसेप्शन में सपा के 3 विधायकों और जिलाध्यक्ष के शामिल होने पर अखिलेश यादव नाराज हैं। अखिलेश ने कहा कि उन्हें इसमें शामिल नहीं होना चाहिए था। बातचीत कर उन्हें समझाया जाएगा।

गुरुवार को अखिलेश यादव ने लखनऊ में सपा की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। कानपुर में सामने आए किडनी मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को वास्तविक समस्याओं का अंदाजा नहीं है। वह विपक्ष की रैलियों को फ्लॉप बताने में लगे हैं। नकली नोट और किडनी कांड में भाजपा के लोग शामिल हैं।

अखिलेश ने कहा- भाजपा के लोग सपा शासन की परियोजनाओं का भी श्रेय लेने में लगे हैं। एक बात वो भूल ही गए कि जब से वो बने हैं, एक वनस्पति का विकास बहुत हुआ है। 200 किलो फिर पकड़ा गया है। ‘गांजा गंज’ पर मूवी बनेगी। ‘धुआं धर’ पर भी फिल्म बननी चाहिए।

दादरी रैली के बाद भाजपा नेताओं की भाषा बदली…

अखिलेश यादव ने कहा- दादरी रैली के बाद भाजपा नेताओं की भाषा बदल गई है। वे सपा सरकार के समय शुरू किए गए प्रोजेक्ट्स- जैसे रिवर फ्रंट, मेट्रो और जेपीएनआईसी-का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा यह साफ करे कि वे ये बातें असल में कह रहे हैं या असर में।

चुनाव खत्म होते ही पूरी भाजपा की बटालियन यूपी में जुट जाएगी

जैसे ही चुनाव समाप्त होंगे, पूरी भाजपा की फौज यूपी में आ जाएगी। हम लोग दूर से देख रहे हैं, जहां चुनाव हो रहा, वहां भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर क्या काम कर रहे हैं। अखिलेश ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कई अधिकारियों को हटाया गया। लेकिन, उत्तर प्रदेश में चुनाव के दौरान ऐसा नहीं किया गया। कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप होने के बावजूद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। हम संगठन के लोग मिलकर जमीन पर काम करेंगे।

हमारे कार्यकर्ताओं को फंसाने वाले जेल जाएंगे

हमारे कार्यकर्ताओं को फंसाया जा रहा है। जिन लोगों ने हमारे कार्यकर्ताओं को फंसाया, उनको जेल भेजा जाएगा। देवरिया नकली नोट मामले में उन्होंने कहा कि वहां का मामला अलग है। नकली नोट देश में आ रहे और असली देश के बाहर जा रहे हैं। उन्होंने पूछा कि अगर तस्वीर ही सब कुछ बताती है, तो तस्वीर किसके साथ है?

कोई भाजपा नेता पानी टंकी के नीचे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दे

अखिलेश यादव ने भाजपा नेताओं को चैलेंज किया कि भाजपा के लोगों से कहो कि पानी की टंकी के नीचे खड़े होकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दिखाएं। ग्रीन कॉरिडोर पर चलकर आओ, तो समझ में आ जाएगा कि कितना भ्रष्टाचार हुआ है।

Check Also

यूपी बीजेपी की नई टीम की कवायद तेज, विनोद तावड़े कर रहे रायशुमारी

यूपी में भाजपा की नई टीम बनाने को लेकर हलचल तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े रविवार दोपहर लखनऊ पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *