उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निघासन कस्बे में सांप के काटने से 18 वर्षीय युवती की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। इसी बीच युवती के चाचा ने दीवार तोड़कर सांप को पकड़ लिया और उसे डिब्बे में बंद करके अस्पताल पहुंच गए। सांप को अस्पताल में देखकर मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। प्राथमिक उपचार के बाद युवती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।
छत पर सांप ने इकरा को डसा
जानकारी के मुताबिक, निघासन कस्बे के निवासी शाहिद की 18 वर्षीय बेटी इकरा रविवार शाम घर की छत पर मौजूद थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटने के बाद युवती की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर तत्काल सीएचसी पहुंचे।
इधर, सांप डसने के बाद दीवार में घुस गया था। युवती के चाचा इश्तियाक ने दीवार तोड़कर सांप को बाहर निकाला और उसे पकड़कर डिब्बे में बंद कर लिया। इसके बाद वह सांप को लेकर अस्पताल पहुंच गए।
डिब्बे में सांप देखकर अस्पताल में मची अफरा-तफरी
अस्पताल में जब लोगों ने डिब्बे के अंदर सांप देखा तो मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों में हलचल मच गई। डॉक्टरों ने युवती का प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
खतरे से बाहर है युवती
सीएचसी के डॉक्टर देव राज राना ने बताया कि युवती को सांप ने डसा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, इश्तियाक ने बताया कि सांप को दीवार तोड़कर बाहर निकालने के बाद डिब्बे में बंद किया गया, ताकि डॉक्टर उसकी पहचान कर इलाज में मदद ले सकें।
परिजनों के मुताबिक, इकरा की हालत अब खतरे से बाहर है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi