Monday , November 23 2026
Breaking News

राजनाथ सिंह ने साधे चुनावी जीत के नौ मंत्र: सोशल मीडिया, जनता का भरोसा और संगठन पर दिया जोर, बोले- उत्तराखंड में फिर खिलाएंगे कमल

2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। हरिद्वार में आयोजित प्रदेश विस्तृत कार्यसमिति की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने का भरोसा जताते हुए संगठन की मजबूती, जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की एकजुटता को चुनावी जीत का आधार बताया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में लगातार दो बार सरकार बनना पहले उनके लिए भी उम्मीद से परे था, लेकिन कार्यकर्ताओं के उत्साह और मेहनत को देखकर उन्हें विश्वास है कि भाजपा फिर सरकार बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि यह बैठक केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि चुनाव में जीत का संकल्प लेने का अवसर है।
भाजपा की ताकत सरकार नहीं, संगठन है
राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत सरकार नहीं, बल्कि संगठन है। संगठन की मजबूती संवाद और कार्यकर्ताओं की एकजुटता से बनी रहती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के लिए जनता का भरोसा सबसे महत्वपूर्ण है और इसे हर हाल में कायम रखना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया का इस्तेमाल जनता से जुड़ने के लिए करने की अपील की। कहा कि सोशल मीडिया के जरिए लोगों की भावनाओं और माहौल को समझें, लेकिन किसी पर व्यक्तिगत हमला करने से बचें।
राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिए जीत के नौ मंत्र
रक्षा मंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को नौ प्रमुख मंत्र दिए।
– संगठन को प्राथमिकता दें: भाजपा की ताकत संगठन है। कार्यकर्ताओं के बीच लगातार संवाद बना रहना चाहिए।
– जनता का विश्वास कायम रखें: जनप्रतिनिधियों के लिए जनता का भरोसा सबसे महत्वपूर्ण है।
– सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल करें: डिजिटल माध्यमों से जनता से जुड़ें और माहौल को समझें। व्यक्तिगत हमलों से बचें।
– विपक्ष की भाषा में जवाब न दें: प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों पर भी मर्यादित तरीके से प्रतिक्रिया दें।
– युवाओं को जोड़ें: युवाओं को पार्टी और संगठन से जोड़ने पर जोर दें।
– तथ्यों के आधार पर जवाब दें: विपक्ष के आरोपों और गलत दावों का तथ्यों के साथ खंडन करें।
– सरकार की उपलब्धियां बताएं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं।
– नैतिकता और अनुशासन बनाए रखें: राजनीति में नैतिकता और अनुशासन को प्राथमिकता दें।
– कार्यकर्ताओं में एकता रखें: संगठन के भीतर मनमुटाव से बचें और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलें।
विचारधारा से समझौता नहीं करेगी भाजपा
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा एकात्म मानववाद के दर्शन पर चलती है। संगठन और विचारधारा के अभाव में कोई भी पार्टी कमजोर हो जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में रहने या न रहने की परवाह किए बिना अपनी विचारधारा से समझौता नहीं करती।

उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल्यांकन इस आधार पर होना चाहिए कि वह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए कितना काम कर रही है। भाजपा चुनाव हारना स्वीकार कर सकती है, लेकिन विचारधारा से समझौता नहीं करेगी।

उन्होंने एक बार फिर मजबूत सरकार बनाने और घुसपैठियों को बाहर करने का संकल्प लेने की बात कही।
सीएम धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव नजदीक हैं और इस बैठक से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले देश में घोटालों की चर्चा होती थी, जबकि अब वैश्विक स्तर पर भारत के विकास की चर्चा हो रही है।

धामी ने महिलाओं को लखपति दीदी बनाने, युवाओं को करीब 35 हजार नौकरियां देने, खेल क्षेत्र में सुविधाएं बढ़ाने और छात्रों के लिए ऑनलाइन कोचिंग जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने सैनिकों की शहादत के बाद मिलने वाली सहायता राशि बढ़ाने और करीब 200 गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की पहल का भी जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण दिल्ली अब उत्तराखंड से दूर नहीं रही और सड़क व अन्य सुविधाओं के विस्तार से यात्रा आसान हुई है। लिपुलेख तक सड़क बनने से कैलाश दर्शन की सुविधा बेहतर हुई है। उन्होंने किशाऊ बांध, यमुना सफाई, स्टार्टअप, खेती-किसानी, कुंभ की तैयारियों और आपदा प्रबंधन के कार्यों का भी उल्लेख किया।

धामी ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और अवैध अतिक्रमण हटाने जैसे कदम भी सरकार ने उठाए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को तर्क और साक्ष्यों के साथ घर-घर पहुंचाने की अपील की।
2027 चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने पर जोर
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बूथ, मंडल और जिला स्तर पर संगठनात्मक कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई। पार्टी ने अपने सातों मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य भी दिया है। इसके अलावा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए जनआशीर्वाद यात्रा के जरिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने की योजना पर मंथन किया जा रहा है।

राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में भाजपा ने उत्तराखंड में तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मैदान में उतरने का संदेश दिया।

Check Also

सीएम योगी की मां सावित्री देवी ने सादगी में बिताया जीवन, गांव और परिवार ही रहा उनकी दुनिया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहचान एक सख्त प्रशासक, अनुशासित नेता और कठोर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *