समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने मुलायम सिंह यादव की जयंती पर समर्थकों के बीच अपने जेल के दिनों का दर्द बयां किया। उन्होंने कहा कि जेल में बिताए समय के दौरान वह हर रात खुदा से मौत मांगते थे, लेकिन अब उन्हें बदला नहीं, इंसाफ चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने बेरोजगार युवाओं की परेशानी, किसानों की आत्महत्या और देश की दूसरी सबसे बड़ी आबादी के अधिकारों को लेकर भी सवाल उठाए।
आजम खां ने कहा कि जेल की अंधेरी कोठरी में बिताई रातें उनके लिए बेहद कठिन थीं। हर रात वह खुदा से मौत की भीख मांगते थे, लेकिन मौत भी उनसे रूठी रही। उन्हें हर सुबह इस अनजान डर के साथ उठना पड़ता था कि न जाने कौन सी खबर सामने आएगी।
‘मुल्क की दूसरी सबसे बड़ी आबादी आखिर कहां चली जाए?’
आजम खां ने देश की दूसरी सबसे बड़ी आबादी को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि यह देश और प्रदेश बेहद खूबसूरत हैं और इन्हें बचाने की जिम्मेदारी जनता की है। उन्होंने कहा कि इस मुल्क में रहने वाली दूसरी सबसे बड़ी आबादी आखिर कहां जाए? अगर कोई दूसरा देश हमें अपनाने को तैयार है, तो बताइए।
उन्होंने सवाल किया कि क्या देश में रहने वाले लोगों को अपने अधिकारों और अपनी जगह के लिए सवाल पूछने पड़ेंगे? आजम ने कहा कि वह अपने देश से अलग होना पसंद नहीं करेंगे।
‘जुल्म का बदला नहीं, इंसाफ चाहिए’
आजम खां ने बदले की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके साथ जो जुल्म हुए, उनका बदला नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बदला घटिया और जालिम लोग लेते हैं, लेकिन उन्हें केवल इंसाफ चाहिए।
आजम ने कहा कि अगर इंसाफ नहीं हुआ तो आने वाले समय में कोई भी अन्याय के खिलाफ खड़ा होने की हिम्मत नहीं करेगा। उन्होंने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि जो लोग दूसरों की आजादी छीनना चाहते हैं, उनके मंसूबों को सफल नहीं होने देना चाहिए।
बेरोजगार युवाओं और किसानों की स्थिति पर उठाए सवाल
अपने संबोधन में आजम खां ने बेरोजगार युवाओं की परेशानी और किसानों की बदहाली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि नौकरी की तैयारी करने वाले पढ़े-लिखे युवा आत्महत्या कर रहे हैं। वह रोज खबरें पढ़ते थे और युवाओं के सुसाइड नोट में दर्ज उनकी पीड़ा को देखकर सवाल उठता था कि आखिर ऐसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं, जिनमें युवा अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला कर रहे हैं।
उन्होंने किसानों और मजदूरों की आत्महत्या पर भी चिंता जताई। आजम ने कहा कि अगर अन्न पैदा करने वाला किसान ही नहीं रहेगा, तो देश में अन्नदाता किसे कहा जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या इसी तरह के भारत का सपना देखा गया था?
‘आने वाला कल बीते कल से बेहतर हो’
आजम खां ने समर्थकों से अपील की कि वे देश और प्रदेश को बचाने की जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि आने वाला कल बीते कल से बेहतर होना चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने जनता और समाजवादी पार्टी को सत्ता मिलने की दुआ करने की बात भी कही।
आजम खां के संबोधन में बदले के बजाय इंसाफ, समाज में एकजुटता, युवाओं के बेहतर भविष्य और किसानों की स्थिति सुधारने का संदेश प्रमुख रहा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi