Friday , November 13 2026

पक्षियों की मौजूदगी और प्रजातियों का जुटेगा आंकड़ा, उत्तराखंड के 13 जिलों में दो दिन चलेगी गणना

उत्तराखंड में पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों और उनकी मौजूदगी का दस्तावेजीकरण करने के लिए तीसरी राज्यव्यापी पक्षी गणना का आयोजन 14 और 15 नवंबर को किया जाएगा। दो दिवसीय इस अभियान में प्रदेश के सभी 13 जिलों में पक्षी अवलोकन, बर्ड वॉक और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य राज्य में मौजूद पक्षियों की प्रजातियों, उनकी संख्या और उनके प्राकृतिक आवास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाना है।

इस अभियान के तहत आसन रामसर साइट और उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष रूप से पक्षियों का अवलोकन किया जाएगा। इसके अलावा चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों से लेकर मध्य हिमालय, शिवालिक, तराई और भाबर के मैदानी इलाकों तक पक्षी गणना की गतिविधियां संचालित होंगी। इसमें पक्षी प्रेमियों, प्रकृतिविदों, विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।

पिछले दो वर्षों में दर्ज हुईं सैकड़ों प्रजातियां:

उत्तराखंड में पहली राज्यव्यापी पक्षी गणना वर्ष 2024 में आयोजित की गई थी। उस दौरान प्रदेश में ज्ञात 729 प्रजातियों में से 399 प्रजातियों के पक्षियों का रिकॉर्ड तैयार किया गया था। इसके लिए ई-बर्ड पोर्टल पर कुल 662 चेकलिस्ट जमा की गई थीं। वहीं, वर्ष 2025 में आयोजित दूसरी पक्षी गणना के दौरान 1320 चेकलिस्ट के माध्यम से 408 पक्षी प्रजातियों का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था।

50 से अधिक संगठन अभियान से जुड़े:

आयोजक समिति के सदस्य और पूर्व मुख्य वन संरक्षक डॉ. धनंजय मोहन, पिंकी गुप्ता और संजय सोंधी के अनुसार, इस वर्ष की गणना के लिए अब तक 90 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। अभियान में 50 से अधिक संगठन, संरक्षण समूह, विद्यालय, गैर-लाभकारी संस्थाएं, होमस्टे, निजी पर्यटन उद्यम, सरकारी एजेंसियां और अनुसंधान संस्थान मिलकर काम कर रहे हैं।

महिलाओं की भागीदारी पर भी विशेष जोर:

इस वर्ष की पक्षी गणना प्रकृतिविद् और पक्षी विशेषज्ञ रहे सुनीति भूषण दत्ता को समर्पित की गई है। इस बार अभियान में महिलाओं की भागीदारी भी विशेष रूप से बढ़ाई गई है। महिलाएं राज्यस्तरीय समन्वय के साथ स्थानीय बर्ड वॉक और विभिन्न कार्यक्रमों का नेतृत्व कर रही हैं। इसी क्रम में कुमाऊं क्षेत्र में केवल महिलाओं के लिए विशेष बर्डिंग वॉक का आयोजन भी किया जाएगा।

23 नवंबर तक जमा करनी होगी चेकलिस्ट:

पक्षी गणना में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को अपने अवलोकन की चेकलिस्ट 23 नवंबर तक वैश्विक ई-बर्ड पोर्टल पर जमा करनी होगी। इन आंकड़ों के आधार पर उत्तराखंड में पक्षियों की मौजूदगी, प्रजातियों की विविधता और उनके संरक्षण से जुड़ी जानकारियों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा।

Check Also

अमित शाह की जनसभा के बाद भाजपा ने कसी कमर, उत्तराखंड में बड़े नेताओं को सौंपी जाएगी प्रचार की जिम्मेदारी

उत्तराखंड में चुनावी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी चुनाव ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *