Monday , October 12 2026

बदायूं में दर्दनाक हादसा: बाइक को स्कूल वैन ने मारी टक्कर, तीन चचेरे-तहेरे भाइयों की गई जान

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन चचेरे-तहेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मदनजुड़ी गांव के पास स्कूल वैन और बाइक की टक्कर से हुआ। घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे चारों दोस्त

जानकारी के अनुसार, हत्सा गांव निवासी निखिल उर्फ नितिन (19), रोहन (20), ऋषभ (18) और शिवा (18) सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे एक ही बाइक पर सवार होकर बिसौली कस्बे में दवा लेने जा रहे थे। बाइक रोहन चला रहा था। इसी दौरान मदनजुड़ी गांव के पास उनकी बाइक की स्कूल वैन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

तीन युवकों की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल

हादसे में निखिल उर्फ नितिन, रोहन और ऋषभ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया गया है कि शिवा का हाल ही में अग्निवीर में चयन हुआ था।

गांव में पसरा मातम, परिवारों में मचा कोहराम

तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही हत्सा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवा के अग्निवीर में चयन से परिवार में जो खुशी थी, वह हादसे के बाद गहरे दुख में बदल गई।

हेलमेट नहीं पहने थे बाइक सवार

पुलिस के मुताबिक, बाइक पर सवार चारों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Check Also

चंपत राय मामले में अदालत को पुलिस रिपोर्ट का इंतजार, सुनवाई नहीं हो सकी; 16 अक्टूबर की तारीख तय

राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *