Saturday , September 26 2026

न्याय के लिए दर-दर भटकीं छात्राएं, तीन थानों की पुलिस ने इलाके का हवाला देकर लौटाया

दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में हिंदू कॉलेज की दो छात्राओं से कथित तौर पर अभद्रता और उन्हें जबरन कार में बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है। छात्राओं का आरोप है कि 23 सितंबर की रात सफारी कार सवार कुछ युवकों ने उन्हें रोककर अश्लील टिप्पणियां कीं। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और कार में खींचने की कोशिश की।

घटना के बाद दोनों छात्राएं शिकायत लेकर मौरिस नगर थाने पहुंचीं। छात्राओं का आरोप है कि वहां क्षेत्राधिकार का हवाला देकर उन्हें दूसरे थाने जाने को कहा गया। इसके बाद वे मॉडल टाउन और फिर मुखर्जी नगर थाने पहुंचीं। उनका दावा है कि तत्काल शिकायत दर्ज नहीं की गई और उन्हें अलग-अलग थानों के चक्कर लगाने पड़े।

सुनवाई नहीं हुई तो सोशल मीडिया पर वीडियो डाला

छात्राओं के मुताबिक, कई थानों में जाने के बाद भी जब उनकी शिकायत दर्ज नहीं हुई तो उन्होंने थाने के बाहर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। वीडियो वायरल होने के बाद देर रात मुखर्जी नगर थाने में मामला दर्ज किया गया।

सीसीटीवी से कार की पहचान का पुलिस का दावा

उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। पुलिस ने उस सफारी कार की पहचान कर ली है, जिसका इस्तेमाल घटना में किया गया था। पुलिस के अनुसार, कार चालक की पहचान नमन चौधरी के रूप में हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद मुखर्जी नगर और आसपास के इलाकों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यह क्षेत्र कॉलेज विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए प्रमुख इलाका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Check Also

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: जिम्मेदारी दर्ज होने के बावजूद बैंककर्मियों पर नहीं लगा आरोप, चार्जशीट से सवाल

राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस की चार्जशीट सामने आने के बाद बैंककर्मियों ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *