केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत हेड कांस्टेबल (GD) और कांस्टेबल (GD) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 521 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें हेड कांस्टेबल के 182 और कांस्टेबल के 339 पद शामिल हैं। भर्ती में कुल 22 खेलों को शामिल किया गया है।
10वीं और 12वीं पास खिलाड़ियों के लिए मौका
इस भर्ती में शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है। हेड कांस्टेबल (GD) के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। वहीं कांस्टेबल (GD) पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, केवल शैक्षणिक योग्यता पूरी करना पर्याप्त नहीं है, उम्मीदवारों के पास निर्धारित खेल उपलब्धियां भी होनी चाहिए।
किन खेलों को किया गया है शामिल?
CRPF की स्पोर्ट्स कोटा भर्ती में कुल 22 खेलों को शामिल किया गया है। इनमें बैडमिंटन, बॉडीबिल्डिंग, बॉक्सिंग, फुटबॉल, हैंडबॉल, जूडो, कबड्डी, कराटे, शूटिंग, वुशु और योग समेत अन्य खेल शामिल हैं।
खेल उपलब्धि भी जरूरी
हेड कांस्टेबल पद के लिए उम्मीदवार का किसी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करना, नेशनल गेम्स या चैंपियनशिप में राज्य अथवा केंद्रशासित प्रदेश की ओर से खेलना जैसी उपलब्धियां निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा IOA द्वारा आयोजित नेशनल गेम्स में पदक या कम से कम तीसरा स्थान हासिल करने वाले और कुछ इंटर यूनिवर्सिटी या जूनियर नेशनल प्रतियोगिताओं में गोल्ड या सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ी भी पात्रता शर्तों के तहत आते हैं।
कांस्टेबल (GD) पद के लिए जूनियर या सीनियर नेशनल गेम्स/चैंपियनशिप में हिस्सा लेने, नेशनल स्पोर्ट्स, स्टेट स्कूल टीम या SGFI स्कूल गेम्स में पदक अथवा तीसरा स्थान हासिल करने जैसी खेल उपलब्धियां निर्धारित हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स, खेलो इंडिया विंटर गेम्स और इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट से जुड़ी उपलब्धियां भी पात्रता में शामिल हैं।
उम्र सीमा कितनी है?
CRPF स्पोर्ट्स कोटा भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 18 से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। स्पोर्ट्स पर्सन को निर्धारित आयु सीमा में अधिकतम पांच वर्ष की छूट दी जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अतिरिक्त आयु छूट का लाभ मिलेगा।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के अनुसार वेतन और निर्धारित भत्ते दिए जाएंगे। हेड कांस्टेबल (GD) के लिए वेतन लेवल-4 के तहत 25,500 से 81,100 रुपये प्रति माह है। वहीं कांस्टेबल (GD) पद के लिए 21,700 से 69,100 रुपये प्रति माह वेतन निर्धारित है। इसके अलावा DA, HRA और CRPF नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी मिलेंगे।
लिखित परीक्षा नहीं होगी
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन प्रक्रिया में पहचान जांच, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षा (PST), स्पोर्ट्स ट्रायल, मेडिकल परीक्षा और रिव्यू मेडिकल परीक्षा शामिल है।
कितना है आवेदन शुल्क?
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित है। महिला, एससी, एसटी और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवार CRPF की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्पोर्ट्स कोटा भर्ती के लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत, शैक्षणिक और खेल उपलब्धियों से जुड़ी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड कर निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारी को अच्छी तरह जांच लेना जरूरी होगा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi