Tuesday , September 22 2026

शराब के नशे में हुआ विवाद, चाकू से हमला कर युवक की हत्या; आरोपी की बेटी का था जन्मदिन

देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कहासुनी के बाद युवक के सीने पर चाकू से वार किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात पुलिस को जमनपुर में एक युवक के घायल होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राजपाल (25) को एंबुलेंस से झाझरा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले का रहने वाला है। घटना के समय उसकी बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों ने शराब पी रखी थी और विवाद बढ़ने पर हाथापाई हो गई।

आरोप है कि इसी दौरान जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच करीब 10-15 दिन पहले भी शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।

पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Check Also

दिल्ली में नाबालिगों के साथ तीन गंभीर वारदातें, किशोरी और दो मासूम बच्चियों से दुष्कर्म का आरोप

राजधानी दिल्ली में नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराध की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *