किसानों से होटल और फैक्टरी के नाम पर जमीन खरीदने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में बरेली क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप को गिरफ्तार किया है। गाजियाबाद निवासी पन्नालाल पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
क्राइम ब्रांच ने आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार किया और इसके बाद बरेली लेकर आई। यहां उसे भोजीपुरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, पन्नालाल के खिलाफ करीब 38 मामले दर्ज हैं और कई अन्य मामलों की विवेचना में भी उसका नाम सामने आया है।
2007 में रहा था दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री
पन्नालाल कश्यप गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के गढ़ी का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, वह वर्ष 2007 में बसपा सरकार के दौरान दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रह चुका है।
पुलिस के मुताबिक, बरेली समेत प्रदेश के कई जिलों में होटल और फैक्टरी स्थापित करने के नाम पर जमीन खरीदने का झांसा देकर किसानों से रकम लेने के आरोप सामने आए हैं। इन मामलों की जांच में एक बड़े नेटवर्क की भूमिका की भी बात सामने आई है।
गाजियाबाद में दबिश के बाद मेरठ से गिरफ्तारी
पन्नालाल की तलाश में बरेली क्राइम ब्रांच की टीम लगातार दबिश दे रही थी। क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम ने पहले गाजियाबाद में उसकी तलाश में दबिश दी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर वहां से निकल गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश जारी रखी और उसे मेरठ से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद क्राइम ब्रांच आरोपी को बरेली लेकर पहुंची और भोजीपुरा थाना पुलिस को सौंप दिया।
बरेली में पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, पन्नालाल के खिलाफ भोजीपुरा थाने में दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा जिले के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ करीब 38 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इनमें भोजीपुरा और मीरगंज थाना क्षेत्रों में सबसे अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अन्य मामलों में भी उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
तीन साल से रिपोर्ट के लिए भटक रहे थे किसान
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कई पीड़ित किसान करीब तीन साल से रिपोर्ट दर्ज कराने और कार्रवाई के लिए प्रयास कर रहे थे। लगभग दो साल पहले तत्कालीन आईजी राकेश कुमार सिंह और मौजूदा एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले का संज्ञान लिया था।
इसके बाद पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज किए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई। स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने की शिकायतों के बाद एसएसपी ने इन मामलों की विवेचना क्राइम ब्रांच को सौंप दी थी।
क्राइम ब्रांच को जांच सौंपने के बाद कार्रवाई तेज
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पन्नालाल कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर ठगी से जुड़े अन्य मामलों, नेटवर्क में शामिल लोगों और किसानों से ली गई रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi