उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी ली।
बैठक में कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाना होगा। उन्होंने दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की बात कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझे और उनके समाधान के लिए संघर्ष करे। संगठन के सभी विभाग और प्रकोष्ठ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीन पर सक्रिय होकर लोगों से सीधा संवाद करें।
भाजपा की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान
फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों की बैठक के बाद कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों की बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मजबूती से जनता की आवाज उठानी चाहिए।
सैलजा ने कहा कि आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश
कुमारी सैलजा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी जल्द ही जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त करेगी। उन्होंने सभी प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीता जाता है। उन्होंने पदाधिकारियों से अनुशासन और निष्ठा के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों का तथ्यात्मक तरीके से विरोध करें तथा गांव, बूथ और विधानसभा स्तर तक जनता से संवाद स्थापित कर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाएं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi