Wednesday , September 9 2026

तेज रफ्तार डंपर ने टेंपो को मारी जोरदार टक्कर: यूपी में तीन लोगों की मौत, 12 से ज्यादा घायल

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में सोमवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। उघैती थाना क्षेत्र में खितौरा के गोदी नगला के पास तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरे टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए।

टेंपो में करीब 16 सवारियां थीं

जानकारी के मुताबिक, टेंपो में करीब 16 लोग सवार थे। हादसे के बाद ओवरलोडिंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए।

पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य

सूचना मिलते ही उघैती पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर घायलों को एंबुलेंस से बिल्सी और सहसवान के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे में तीन लोगों की मौत

हादसे में रूपवती, ओमकार और शांति की मौत हुई है। ओमकार की उम्र करीब 47 वर्ष और शांति की उम्र करीब 45 वर्ष बताई गई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

कई घायलों का अस्पताल में इलाज

घायलों में परवीन, साईदन, आबिद, पांच वर्षीय अयान, संजीता, मोहरकली और नजमा समेत अन्य लोग शामिल हैं। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Check Also

प्रदूषण मुक्त यूपी की दिशा में बड़ा कदम: लखनऊ में कल मंथन, पद्मश्री उमाशंकर पांडेय रखेंगे विचार

निर्मल गंगा और प्रदूषण मुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प को लेकर मंगलवार को राजधानी लखनऊ ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *