Tuesday , November 3 2026
Breaking News

देहरादून में भारी बारिश के बीच हादसा: बहाव में बही कार, दो मृत; एक युवती घायल हालत में मिली

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात तेज बारिश के बाद बने बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। हादसे के समय कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। हादसे में युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती को एसडीआरएफ की टीम ने घायल अवस्था में रेस्क्यू कर लिया।

हादसा थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास हुआ। कार के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिलने के बाद डाकपत्थर से एसडीआरएफ की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

दो किलोमीटर दूर मिली घायल युवती

एसडीआरएफ जवानों ने अंधेरे और तेज बहाव के बीच रातभर सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिलीं। टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

युवक और दूसरी युवती के शव बरामद

सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम ने कार सवार 20 वर्षीय अक्षय पुत्र मुकेश, निवासी जयपुर, राजस्थान और एक अन्य युवती का शव बरामद किया। दोनों शव पुलिस को सौंप दिए गए हैं। दूसरी युवती की पहचान की जानकारी रिपोर्ट में तत्काल उपलब्ध नहीं कराई गई है।

तेज बहाव के बीच रातभर चला रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया। तेज बरसाती बहाव, अंधेरे और खराब मौसम के बावजूद जवान रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे रहे।

बारिश के दौरान बरसाती नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अचानक जलस्तर बढ़ने से खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की गई है।

Check Also

चमोली हादसा: मुश्किल रास्तों को पार कर जवानों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, छह मृतकों के शव बरामद

उत्तराखंड के चमोली जिले में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *