Monday , October 12 2026

पाकिस्तान के शीर्ष अस्पताल में बड़ा हादसा: आग की चपेट में आए 15 नवजात, मातम में डूबा इस्लामाबाद

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजधानी के प्रमुख सरकारी अस्पताल पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के स्त्री रोग और नवजात वार्ड में अचानक आग लग गई। हादसे में 15 नवजात बच्चों की मौत की खबर सामने आई है, हालांकि मृतकों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

जानकारी के मुताबिक, आग सुबह करीब 7 बजे लगी। शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। वहीं रेस्क्यू अधिकारियों का कहना है कि नर्सरी में लगे एयर कंडीशनर का कंप्रेसर फटने के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे पूरे वार्ड में धुआं भर गया।

पीआईएमएस की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील के अनुसार, जिस वार्ड में आग लगी वहां करीब 15 बच्चे मौजूद थे। हालांकि उन्होंने कहा कि रात के दौरान कुछ बच्चों को छुट्टी दी गई हो सकती है, इसलिए हताहतों की सही संख्या की जांच की जा रही है।

घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। दमकल और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और राहत-बचाव अभियान चलाया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में जांच समिति गठित कर दी है।

जांच समिति यह पता लगाएगी कि आग आखिर किन परिस्थितियों में लगी और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बड़ी लापरवाही तो नहीं हुई। इस दर्दनाक हादसे ने पाकिस्तान के स्वास्थ्य और अस्पताल सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Check Also

CJP के दावों पर दिल्ली पुलिस की सफाई, दिपके की दादी के निधन की सूचना के बीच जारी किया मदद का वीडियो

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की हिरासत और उनकी दादी के निधन ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *