Wednesday , August 26 2026

रोजगार पर योगी सरकार का बड़ा दांव: 3572 नियुक्तियां, अब छह महीने में एक लाख नौकरियों का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए मंगलवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि विभाग और मंडी परिषद में चयनित 3572 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि अगले छह महीने के भीतर प्रदेश के एक लाख और युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

कार्यक्रम में कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 3446 पदों और मंडी परिषद में मंडी सचिव के 126 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस मौके पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने का काम किया गया है। उन्होंने दावा किया कि बीते करीब साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार 9.30 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दे चुकी है।

सीएम योगी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए समयबद्ध तरीके से चयन करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भर्ती आयोगों से भी भर्ती प्रक्रिया की समय सीमा को और कम करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगते थे, जिससे युवाओं का समय बर्बाद होता था। अब सरकार ने परीक्षा और परिणाम की प्रक्रिया को तेज करने की दिशा में काम किया है।

योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी पहचान मिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं और सरकार का लक्ष्य युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर देना है।

सीएम ने नवनियुक्त कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों को बेहतर सुविधाएं, सम्मान और स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए। किसानों की आय बढ़ाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सभी कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

मुख्यमंत्री के एक लाख नई सरकारी नौकरियों के एलान के बाद अब प्रदेश के युवाओं की निगाहें आने वाली भर्तियों पर टिक गई हैं।

Check Also

दिल्ली सरकार का बड़ा प्लान: 17.5 एकड़ में नया सचिवालय, कर्मचारियों और जनता को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

राजधानी दिल्ली के आईटीओ इलाके की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। दिल्ली सरकार यहां करीब ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *