Sunday , October 11 2026

Ground Report: एक धमाके ने मचाई तबाही, फिर सिलिंडरों के फटने से बिगड़े हालात; मौके पर चीख-पुकार

बुधवार दोपहर करीब 3:20 बजे मुंडका के टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास सीएनजी फिलिंग स्टेशन पर जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ स्टेशन पर रखा सामान हवा में उछल गया और देखते ही देखते पूरे इलाके में धूल और धुएं का गुबार छा गया। कुछ देर के लिए वहां अंधेरा हो गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में सीएनजी स्टेशन के तीन कर्मचारियों की मौत हुई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए। घटना के बाद पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। हादसे की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

10-15 मिनट बाद सामने आया भयावह मंजर

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, धमाके के बाद करीब 10 से 15 मिनट तक मौके पर धूल और धुआं छाया रहा। जब गुबार छंटा तो कई लोग घायल हालत में पड़े दिखाई दिए। पुलिस ने एक प्रत्यक्षदर्शी से भी पूछताछ की है, जो हादसे के समय स्टेशन के पास से गुजर रहा था।

ट्रक में लगे थे छह CNG सिलिंडर

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, ट्रक में छह सीएनजी सिलिंडर लगे थे। सीएनजी भरने के दौरान इनमें से तीन सिलिंडर तेज रफ्तार से अलग हो गए। एक सिलिंडर दक्षिण दिशा में जाकर दीवार से टकराया, जबकि दूसरे से भी गैस निकलने लगी।

तीसरा सिलिंडर हवा में उछलकर फिलिंग स्टेशन की छत से टकराया। इससे छत क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद सिलिंडर नीचे गिरा और सीएनजी भरने वाली मशीनों, एक स्कूटी और ईको कार से टकराता हुआ दीवार से जा भिड़ा। इसकी चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

ऑटो-कट फेल होने से ज्यादा गैस भरने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि सीएनजी भरते समय मशीन का ऑटो-कट सिस्टम काम नहीं कर पाया। इससे सिलिंडर में निर्धारित क्षमता से अधिक गैस भर गई और दबाव बढ़ने के कारण सिलिंडर ट्रक के सिलिंडर बॉक्स से अलग हो गए। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

तीनों CNG मशीनें भी क्षतिग्रस्त

हादसे में फिलिंग स्टेशन की तीनों सीएनजी मशीनों को भी भारी नुकसान पहुंचा। पुलिस और जांच एजेंसियां घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। हादसे ने सीएनजी वाहनों में लगे सिलिंडरों की सुरक्षा, उनकी टेस्टिंग और रिफिलिंग प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Check Also

पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला: पीछे से खींचकर गिराया, फिर बेरहमी से पीटा; जांच में जुटी पुलिस

राजधानी दिल्ली में एसआईआर के खिलाफ इंडिया ब्लॉक और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *