Friday , August 21 2026

उत्तराखंड में भारी बारिश का खतरा: मौसम रहेगा खराब, देहरादून में आज बंद रहेंगे स्कूल

उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। आज पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और गरज के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।

देहरादून में आज स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

भारी बारिश की संभावना को देखते हुए देहरादून में आज कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया है।

बारिश के बाद बदला मौसम, तापमान में गिरावट

बुधवार को दिन में कुछ समय तेज धूप निकलने से देहरादून में गर्मी बढ़ी। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को मौसम ने फिर करवट ली और बारिश होने से तापमान में गिरावट आई।

बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा भी बना हुआ है।

प्रदेश में 107 सड़कें बंद

बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में बुधवार को 107 सड़कें बंद रहीं। इनमें सबसे अधिक 78 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी में भी कई मार्ग प्रभावित हुए हैं।

प्रशासन ने लोगों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए यात्रा की योजना बनाने तथा संवेदनशील इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है।

Check Also

मेरठ में SSP पर फिर उठे सवाल, सपा नेता की पिटाई के आरोप पर अखिलेश ने मांगी जांच

थप्पड़ कांड के बाद एक बार फिर तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय विवादों में घिर गए ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *