एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी गुरुवार को वर्ष 2022 के जानलेवा हमले के मामले में हापुड़ की अदालत में पेश हुए। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (द्वितीय) शेष बहादुर की अदालत में उनकी गवाही की प्रक्रिया पूरी हुई। मामले में अभी करीब 40 से 45 गवाहों की गवाही बाकी है। अगली सुनवाई 8 सितंबर 2026 को होगी।
कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत पहुंचे ओवैसी
ओवैसी सुबह करीब 10:30 बजे हापुड़ कचहरी पहुंचे। उनकी सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने कचहरी परिसर में कड़े इंतजाम किए थे। कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी के जवान तैनात रहे। कचहरी की छतों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
ओवैसी के पहुंचने के दौरान हिंदू संगठनों से जुड़े लोग और भाजपा कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में कचहरी परिसर में पहुंच गए। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उन्हें परिसर से बाहर किया। इसके बाद एआईएमआईएम के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे।
40 से 45 गवाहों की गवाही बाकी
ओवैसी के अधिवक्ता के मुताबिक, मामले में यामीन माजिद और शौकत की गवाही पहले ही हो चुकी है। गुरुवार को ओवैसी की गवाही भी पूरी कर ली गई। अब मामले में करीब 40 से 45 गवाहों के बयान दर्ज होना बाकी हैं।
अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 8 सितंबर 2026 की तारीख तय की है। उस दिन शेष गवाहों की गवाही और मामले से जुड़ी अन्य न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
2022 में हुआ था काफिले पर हमला
असदुद्दीन ओवैसी पर 3 फरवरी 2022 को हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र स्थित छिजारसी टोल प्लाजा के पास हमला हुआ था। चुनाव प्रचार से लौटते समय दिल्ली जा रहे ओवैसी के काफिले की गाड़ी पर फायरिंग की गई थी। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान चार राउंड गोली चलाए गए थे और उनकी कार पर गोली के निशान भी मिले थे।
पुलिस ने इस मामले में सचिन शर्मा और शुभम को गिरफ्तार किया था। बाद में दोनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई, जिसमें 60 गवाह बनाए गए थे। मामले की सुनवाई हापुड़ की अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (द्वितीय) की अदालत में चल रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi