Wednesday , August 12 2026

UP Murder: पति को छोड़ प्रेमी संग रचाई शादी, फिर रिश्ते में आई दरार; सूटकेस में मिली महिला की लाश

दादरा नगर हवेली के सिलवासा में महिला की हत्या के मामले में यूपी एसटीएफ और सिलवासा पुलिस ने आरोपी प्रेमी को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार के नवादा निवासी ऋषभ कुमार सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपनी प्रेमिका छोटी उपाध्याय की हत्या करने के बाद शव को ट्रॉली सूटकेस में बंद कर किराये के कमरे में छिपा दिया था। करीब दो महीने बाद शव बरामद हुआ।

प्रेमी के साथ घर से भागी थी महिला

जांच में सामने आया कि छोटी उपाध्याय की पहले शादी हो चुकी थी। इसके बावजूद उसका ऋषभ कुमार सिंह से प्रेम संबंध था। छोटी के कहने पर ऋषभ उसे लेकर दादरा नगर हवेली चला गया। दोनों ने वहां शादी कर ली। इस रिश्ते से दोनों के परिवार नाराज थे और उन्होंने छोटी को अपनाने से इनकार कर दिया था।

छोटी को लेकर बिहार के रोह थाने में ऋषभ के खिलाफ अपहरण का मामला भी दर्ज हुआ था।

गांव लौटने को लेकर हुआ था विवाद

एसटीएफ के अनुसार, शादी के बाद छोटी लगातार गांव लौटने का दबाव बना रही थी। नौ जून की सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि उसी दिन शाम को ऋषभ ने गला दबाकर छोटी की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को रस्सी से बांधा और ट्रॉली सूटकेस में बंद कर दिया। इसके बाद वह सिलवासा से फरार होकर वाराणसी आ गया।

दो महीने बाद कमरे से मिला शव

तीन अगस्त को सिलवासा के टोकर खड़ा क्षेत्र स्थित किराये के मकान से महिला का शव सूटकेस में बरामद हुआ। मकान मालिक ने कमरा किसी अन्य व्यक्ति को किराये पर देने के लिए खोला तो अंदर से दुर्गंध आने पर घटना का पता चला। पुलिस ने सूटकेस खोला तो उसमें प्लास्टिक से ढका शव मिला। शव की पहचान 20 वर्षीय छोटी उपाध्याय के रूप में हुई।

नाम बदलकर वाराणसी में कर रहा था मजदूरी

हत्या के बाद ऋषभ वाराणसी आकर पहचान छिपाकर मजदूरी करने लगा। खुफिया जानकारी मिलने पर एसटीएफ वाराणसी की टीम और सिलवासा पुलिस ने मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित चांदपुर औद्योगिक आस्थान की एक फैक्टरी में दबिश दी। यहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को ले गई पुलिस

गिरफ्तारी के बाद ऋषभ को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद सिलवासा पुलिस आरोपी को दादरा नगर हवेली ले गई। वहां उससे हत्या के मामले में आगे पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसटीएफ के डिप्टी एसपी शैलेष प्रताप सिंह के अनुसार, सिलवासा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बिहार के रोह थाने में अपहरण का मामला भी दर्ज है।

Check Also

बरेली में 100 करोड़ के GST घोटाले का भंडाफोड़, नेपाल से नेटवर्क चला रहा आरोपी फरजान गिरफ्तार

बरेली में GST एसआईटी और कैंट थाना पुलिस ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *