Saturday , October 3 2026

Puramahadev Temple: हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा पुरामहादेव, लाखों कांवड़ियों ने चढ़ाया जल

महाशिवरात्रि के अवसर पर बागपत के बालैनी स्थित ऐतिहासिक पुरामहादेव मंदिर में मंगलवार को शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर और आसपास के कांवड़ मार्गों पर लंबी कतारें लगी रहीं। हर तरफ केसरिया रंग दिखाई दिया और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़िए घंटों कतार में खड़े होकर भगवान आशुतोष के जलाभिषेक का इंतजार करते रहे। कई घंटे बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर गंगाजल अर्पित किया।

सुबह 10 बजे तक 15 लाख से अधिक कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक

मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा के अनुसार, मंगलवार सुबह 10 बजे तक 15 लाख से अधिक कांवड़िए भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर चुके थे। इसके बावजूद मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। बड़ी संख्या में कांवड़िए अब भी कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।

झंडापूजन के बाद शुरू हुआ मुख्य जलाभिषेक

मंदिर में मंगलवार सुबह 3:54 बजे झंडापूजन शुरू हुआ। करीब एक घंटे तक चले पूजन के बाद 4:54 बजे झंडारोहण किया गया। इसके बाद चतुर्दशी का मुख्य जलाभिषेक शुरू हुआ। चतुर्दशी लगते ही कतार में खड़े कांवड़ियों ने भगवान आशुतोष का गंगाजल से अभिषेक करना शुरू कर दिया।

भारी बारिश के बीच भी जारी रहा जलाभिषेक

पुरामहादेव में बारिश के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। भारी बारिश के बीच भी श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कतार में डटे रहे। पुलिसकर्मी भी लगातार मौके पर तैनात रहे और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे।

डीएम-एसपी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था

कांवड़ियों की भारी संख्या को देखते हुए मंदिर और आसपास के मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है।

डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय मंदिर परिसर में कैंप कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। एएसपी प्रवीण कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी बारिश के बीच मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

Check Also

यूपी: 4.60 लाख छात्रों को मिली छात्रवृत्ति, CM योगी बोले- समय पर स्कॉलरशिप नहीं मिली, इसलिए नेता बने

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोक भवन में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में 4.60 ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *