कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन भारत ने पदकों का सिलसिला जारी रखा। जूडो में उन्नति शर्मा ने महिला 63 किलोग्राम वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की स्काई कोनोस्टर को हराकर भारत की झोली में एक और पदक डाला। इसके साथ ही भारत का पदक अभियान और मजबूत हो गया।
वहीं, महिला 51 किलोग्राम बॉक्सिंग के फाइनल में भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने इंग्लैंड की रूबी व्हाइट के खिलाफ मुकाबले की शानदार शुरुआत करते हुए पहला राउंड सर्वसम्मत फैसले से अपने नाम किया। खबर लिखे जाने तक फाइनल मुकाबला जारी था और भारत को एक और स्वर्ण पदक की उम्मीद थी।
इससे पहले पैरा एथलेटिक्स में भारत को बड़ी सफलता मिली। पुरुष शॉटपुट F57 स्पर्धा में सोमन राणा ने 13.40 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि शुभम जुयाल ने 13.28 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
बॉक्सिंग में भारत को एक और पदक जादूमणि सिंह के रूप में मिला। पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के झाई डिक्सन से हार का सामना करना पड़ा और उन्होंने रजत पदक जीता।
जूडो में हर्ष टोकस ने रेपेचेज मुकाबला जीतकर कांस्य पदक की दौड़ में जगह बनाई, जबकि इनुनगांबी तखेलाबाम और करणजीत सिंह मान अपने-अपने मुकाबले हारकर पदक की दौड़ से बाहर हो गए।
कॉमनवेल्थ गेम्स के 10वें दिन भारत के मुक्केबाजों से कई स्वर्ण पदकों की उम्मीद है। दिनभर बॉक्सिंग, जूडो और अन्य स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi