Friday , September 18 2026

रामलला के दरबार में श्रद्धालुओं की भक्ति, सावन के 10 दिन में सोने-चांदी के चढ़ावे में जबरदस्त बढ़ोतरी

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में एक बार फिर सोने-चांदी के चढ़ावे में तेजी देखने को मिल रही है। ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पिछले 10 दिनों में श्रद्धालुओं ने करीब एक किलो सोना और तीन किलो चांदी दान स्वरूप अर्पित की है। सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ बहुमूल्य धातुओं के चढ़ावे में भी लगातार इजाफा हो रहा है।

मंदिर प्रशासन के मुताबिक, सोने-चांदी के रूप में मिलने वाले सभी दान को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुरक्षित रखा जाता है। प्रत्येक दान का ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार किया जाता है, जिसमें दान देने वाले का नाम, पता और दान का विवरण दर्ज होता है। इसके बाद ट्रस्ट की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शुद्धता की जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं।

सूत्रों का कहना है कि हाल के दिनों में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं अर्पित की हैं। चढ़ावा चोरी की घटना के बाद कुछ समय तक दान में कमी आई थी, लेकिन सावन शुरू होने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी और अब दान में भी फिर से तेजी लौट आई है।

बीते तीन दिनों में रामलला के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। बुधवार को करीब 75 हजार, गुरुवार को सवा लाख और शुक्रवार को लगभग 80 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसी दौरान कर्नाटक के एक श्रद्धालु ने रामलला को 600 ग्राम चांदी का हार भेंट किया, जबकि कई श्रद्धालुओं ने सोने-चांदी के सिक्के और आभूषण भी दान किए।

वहीं, राम मंदिर ट्रस्ट सावन उत्सव और झूलनोत्सव की तैयारियों में भी जुटा है। 17 अगस्त को सावन शुक्ल पंचमी के अवसर पर रामलला स्वर्ण झूले पर विराजेंगे। मंदिर परिसर में भजन, कजरी, झूला दर्शन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जबकि 15 अगस्त से सावन मेले की शुरुआत होगी।

Check Also

अयोध्या राममंदिर: देव शिल्पी विश्वकर्मा की हुई पूजा, मंदिर परिसर में दिखा भक्तिमय माहौल

श्रीराम जन्मभूमि परिसर में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर विशेष पूजन-अनुष्ठान ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *