निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा हो रही है। दर्शकों के साथ-साथ फिल्मी सितारे भी ट्रेलर की सराहना कर रहे हैं। इसी बीच फिल्म निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने भी ट्रेलर की खुलकर तारीफ की है।
संदीप रेड्डी वांगा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए लिखा कि “यह राम युग की शुरुआत है। यह सिर्फ एक ट्रेलर नहीं, बल्कि हमेशा यह याद दिलाने वाला है कि धर्म की जीत हमेशा अधर्म पर होती है।” उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई।
फिल्म के ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आ रहे हैं। साई पल्लवी ने माता सीता की भूमिका निभाई है, जबकि यश रावण के दमदार अवतार में दिखाई दिए हैं। रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आए हैं। वहीं, ट्रेलर में सनी देओल के हनुमान वाले किरदार की झलक फिलहाल नहीं दिखाई गई है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग इसी साल दिवाली के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। इसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे और अरुण गोविल समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi