नितेश तिवारी निर्देशित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन गया है। दर्शकों और फिल्मी हस्तियों के साथ-साथ टीवी पर भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाकर लोकप्रिय हुए अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने भी ट्रेलर की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद जताते हुए कहा कि यह ऑस्कर अवॉर्ड जीतने की क्षमता रखती है। साथ ही उन्होंने अभिनेता रणबीर कपूर को एक खास सलाह भी दी।
रामायण को बताया ऑस्कर का दावेदार
नीतीश भारद्वाज ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि ‘रामायण’ सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फिल्म (Best International Feature) की श्रेणी में ऑस्कर जीतने की पूरी क्षमता रखती है। उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी की सराहना करते हुए उन्हें विश्व सिनेमा में भारत का अगला बड़ा नाम बताया।
उन्होंने फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइन, सिनेमैटोग्राफी (DOP), वीएफएक्स और एआई तकनीक के इस्तेमाल की भी जमकर तारीफ की। साथ ही फिल्म के संगीत से जुड़े अंतरराष्ट्रीय संगीतकार हैंस जिमर के योगदान की भी प्रशंसा की।
रणबीर कपूर को दी खास सलाह
नीतीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर की अभिनय क्षमता की तारीफ करते हुए लिखा कि अब उन पर भारतीय संस्कृति, विरासत और मूल्यों का प्रतिनिधित्व करने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने रणबीर से अपील की कि वे भविष्य में ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों से दूरी बनाएं और ऐसे विषयों का चयन करें जो भारतीय संस्कृति और समाज के सकारात्मक मूल्यों को आगे बढ़ाएं।
साई पल्लवी और फिल्म की टीम को लेकर जताई उम्मीद
अभिनेता ने उम्मीद जताई कि दर्शक साई पल्लवी को माता सीता के रूप में स्वीकार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म में गोस्वामी तुलसीदास की चौपाइयों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि का समावेश देखने को मिले तो यह अनुभव और भी प्रभावशाली होगा। उन्होंने कहा कि फिल्म के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए वह ‘रामायण’ कम से कम पांच बार देखना चाहेंगे।
दिवाली 2026 पर रिलीज होगी ‘रामायण’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह, रवि दुबे और फैसल खान सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर रिलीज के बाद फिल्म के भव्य विजुअल्स और वीएफएक्स की सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा हो रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi