Thursday , July 30 2026

लोकसभा में राहुल गांधी घिरे, अनुराग ठाकुर ने विशेषाधिकार हनन और अवमानना का नोटिस दिया

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस देकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। यह नोटिस लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंपा गया है, जिसमें राहुल गांधी के खिलाफ संसदीय नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।

अनुराग ठाकुर का आरोप है कि राहुल गांधी ने एंटी-पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय, अपमानजनक और बिना प्रमाण के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां सदन की गरिमा और संसदीय परंपराओं के खिलाफ हैं।

भाजपा सांसद ने तीन पन्नों के नोटिस में मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने की मांग की है। साथ ही उन्होंने आग्रह किया है कि समिति पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की सिफारिश करे और राहुल गांधी को सदन तथा गृह मंत्री अमित शाह से बिना शर्त माफी मांगने का निर्देश दिया जाए।

नोटिस में यह भी कहा गया है कि राहुल गांधी ने 29 जुलाई को एंटी-पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान छात्रों से हुई कथित बातचीत का हवाला देते हुए लोकसभा के नियम 352 का उल्लंघन किया। आरोप है कि उन्होंने ऐसे दावे किए, जिनके समर्थन में कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे सदन की मर्यादा प्रभावित हुई।

अब यह फैसला लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को करना है कि नोटिस स्वीकार किया जाए या नहीं। यदि अध्यक्ष इसे मंजूरी देते हैं तो मामला विशेषाधिकार समिति को भेजा जा सकता है, जो जांच के बाद अपनी रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई की सिफारिश करेगी। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर संसद के भीतर सियासी माहौल गरमा गया है।

Check Also

प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पड़ी भारी, युवती पर जीरो FIR के बाद दिल्ली पुलिस करेगी जांच

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *