Friday , September 18 2026

शाहबाद डेयरी में देर रात फायरिंग से मची सनसनी, पुलिस मुठभेड़ में हिमांशु भाऊ गैंग के दो शूटर पकड़े गए

राजधानी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में देर रात रोहिणी क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। दोनों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, शाहबाद डेयरी क्षेत्र में संदिग्ध बदमाशों के मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर रोहिणी क्राइम ब्रांच की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग का सक्रिय सदस्य है, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों हाल के किन-किन आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों से उनका क्या संबंध है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिमांशु भाऊ गैंग दिल्ली-एनसीआर में रंगदारी, हत्या और अन्य संगीन अपराधों में सक्रिय रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Check Also

दिल्ली कैफे फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, स्नैपचैट से लोकेशन मिली; प्रेमी ने दोनों हाथों में पिस्टल लेकर बरसाईं गोलियां

आनंद विहार के कड़कड़डूमा कम्युनिटी सेंटर स्थित एक कैफे के बाहर हुई फायरिंग के मामले ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *