राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जांच में सामने आया है कि उसने अपने बेटे के नाम एक जमीन खरीदने के लिए विक्रेता को 24 लाख रुपये नकद और करीब 9 लाख रुपये बैंक के माध्यम से दिए थे। पुलिस को आशंका है कि नकद दी गई राशि चोरी किए गए चढ़ावे से जुड़ी हो सकती है। इसी आधार पर अब संबंधित जमीन की जब्ती की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
जांच एजेंसियां मामले में जेल में बंद सभी आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की जांच कर रही हैं। कस्टडी रिमांड के दौरान हुई पूछताछ और तहसील से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर सहादतगंज क्षेत्र में टिन्नू के बेटे रवि यादव के नाम खरीदी गई जमीन का पता चला। यह जमीन करीब एक वर्ष पहले खरीदी गई थी।
सूत्रों के अनुसार, जमीन की खरीद से जुड़े दस्तावेजों और भुगतान के तरीके की जांच में पता चला कि कुल भुगतान का बड़ा हिस्सा नकद किया गया था। पुलिस अब इस लेनदेन के वित्तीय स्रोत की पड़ताल कर रही है और इसे चढ़ावा चोरी से जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि यह जमीन भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के करीबी और उनके पारिवारिक सदस्य से खरीदी गई थी। पुलिस ने कस्टडी रिमांड के दौरान जमीन बेचने वाले पक्ष से भी पूछताछ की है। दस्तावेजों के मुताबिक जमीन की खरीद कीमत करीब 35 लाख रुपये दर्ज है, जबकि मौजूदा बाजार मूल्य लगभग 50 लाख रुपये बताया जा रहा है।
पुलिस अब मामले से जुड़े आर्थिक लेनदेन, संपत्तियों और निवेश के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। यदि नकद राशि का संबंध चढ़ावा चोरी से साबित होता है, तो संबंधित संपत्ति की जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi