शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों का सोमवार को प्रस्तावित संसद मार्च है। मार्च को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है और सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटने लगे।
एहतियातन दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया कि उनकी ओर से किसी भी तरह की हिंसा या अव्यवस्था नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और पिछले एक महीने से आंदोलन गांधीवादी तरीके से चलाया जा रहा है। दीपके ने यह भी कहा कि बड़ी संख्या में लोग संसद मार्च में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।
वहीं, CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि सोनम वांगचुक की तबीयत फिलहाल स्थिर है और उनका अनशन जारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से बातचीत की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है।
संसद सत्र शुरू होने के साथ ही दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर संसद मार्च की अनुमति नहीं दी है। संसद भवन और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आने-जाने वालों की सघन जांच की जा रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi