Tuesday , September 15 2026

यूपी पुलिस की किरकिरी: फरियादी को थाने में जड़े 5 थप्पड़, वायरल वीडियो के बाद महिला दरोगा सस्पेंड

वाराणसी के चौबेपुर थाना परिसर में एक महिला उपनिरीक्षक द्वारा फरियादी महिला को थप्पड़ मारने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आने के बाद डीसीपी वरुणा ने आरोपी महिला उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

करीब 8 सेकेंड के वायरल वीडियो में महिला उपनिरीक्षक एक महिला को लगातार थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं। घटना चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर कला ग्राम पंचायत के परानापुर गांव से जुड़े जमीन विवाद के दौरान हुई बताई जा रही है। विवाद के सिलसिले में दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे, जहां कथित तौर पर कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।

सूत्रों के अनुसार, दूसरे पक्ष की महिला गीता और महिला उपनिरीक्षक के बीच बहस हुई, जिसके बाद दरोगा ने कथित रूप से उसे कई थप्पड़ मार दिए। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि गीता अपने पति को पूछताछ के लिए थाने लाए जाने की जानकारी मिलने पर वहां पहुंची थीं और इसी दौरान विवाद बढ़ गया।

घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके वायरल होते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। चौबेपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

Check Also

नकली सिक्कों की फैक्टरी का खुलासा, लागत पांच रुपये और कमीशन 400 रुपये; 25 साल पुराना नेटवर्क आया सामने

जाली नोटों के बाद अब नकली सिक्कों के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। सहारनपुर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *