उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रतिराम कॉलोनी में रविवार देर रात बाइक का हॉर्न बजाकर रास्ता मांगना 25 वर्षीय विपिन कुमार को भारी पड़ गया। आरोप है कि रास्ता देने को लेकर शुरू हुए विवाद के दौरान आरोपी ने पहले मारपीट की और फिर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से विपिन की मौत हो गई, जबकि उनका चचेरा भाई गौरव घायल हो गया। पुलिस ने मामले में एक महिला और उसके ससुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, विपिन रविवार रात परिवार के एक समारोह के बाद रिश्तेदार को छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में उनका चचेरा भाई गौरव भी मिल गया, जिसे वह अपनी बाइक पर बैठाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से करीब 150 मीटर दूर कॉलोनी में रहने वाला सोनू अपने साथियों के साथ सड़क पर खड़ा मिला। विपिन ने रास्ता खाली कराने के लिए बाइक का हॉर्न बजाया, लेकिन आरोप है कि सोनू ने रास्ता देने के बजाय विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
शोर सुनकर सोनू का पिता ब्रह्मपाल और पत्नी आशा भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर विपिन और गौरव के साथ मारपीट की। इसी दौरान सोनू घर से पिस्टल लेकर आया और पहले गौरव पर गोली चलाई, जो उसके हाथ की उंगली को छूते हुए निकल गई। इसके बाद उसने विपिन के पेट में दो गोलियां मार दीं और मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल विपिन को परिजन तत्काल दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गौरव का प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
शव रखकर किया प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद परिजन और स्थानीय लोग शव को लेकर लोनी बॉर्डर थाने के सामने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर धरने पर बैठ गए। करीब 20 मिनट तक चले प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी और मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए।
आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि आई सामने
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी और उसका परिवार पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस के मुताबिक, सोनू के खिलाफ वर्ष 2020 में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। वहीं उसके पिता ब्रह्मपाल पर भी दिल्ली में हत्या का मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फरार मुख्य आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi